देवदह ब्यूरो महराजगंज ।

 महराजगंज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा बांसपार बैजौली में पंचायत चुनाव को लेकर वोटरों में पैसा बांटने के आरोप – प्रत्यारोप को लेकर दो पक्ष आपस मे भिड़ गए ।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने प्रधान पद प्रत्याशी के पुत्र व सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव तथा प्रधान पद के विपक्ष के प्रत्याशी विजय पटेल को हिरासत में लेकर कोतवाली उठा ले गई।

कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की यह खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गयी । सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के अलावा दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और उनके रिहाई की मांग शुरू कर दी ।

विवाद बढ़ता देख कोतवाली पुलिस ने पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष समेत पांच लोगों को कोतवाली के लाकअप में बंद कर दिया । और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के ऊपर हल्का बल प्रयोग कर कोतवाली से बाहर किया।

आपको बता दें कि सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव बांसपार बैजौली गांव के निवासी हैं तथा वह गांव के प्रधान भी रह चुके हैं ।

और इस बार वह अपनी मां को ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ा रहे हैं बताया जा रहा है कि रविवार को चुनाव में पैसा बांटने के आरोप को लेकर विवाद हो गया ।

कर्रवाई के विरोध में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी विधायक के रिश्तेदार निवर्तमान ग्राम प्रधान विजय पटेल सत्ता के संरक्षण में चुनाव आचार संहिता की खुलेआम धज्जिया उड़ा रहे हैं ।

वहीं विजय पटेल का आरोप है कि पूर्व जिलाध्यक्ष अपनी मां के पक्ष में वोट करने को लेकर पैसा बाट रहे हैं ।

इस मामले में सीओ सदर कोमल प्रसाद मिश्रा का कहना है कि पंचायत चुनाव को लेकर सदर कोतवाली क्षेत्र के बांसपार बेजौली गांव में दो पक्ष आपस में विवाद कर लिए जिसके कारण दोनों को कोतवाली लाया गया है ।

दोनों पक्ष के लोगों को कोतवाली में ही रखा गया है । सोमवार को गांव भेजकर मतदान करवा दिया जाएगा । फिलहाल यह लोग आज कोतवाली में ही रहेंगे।

 बांसपार बैजौली गांव में पैसा बांटने को लेकर विवाद, दोनों पक्ष पुलिस हिरासत में