देवदह ब्यूरो महराजगंज/गोरखपुर ।
#महराजगंज : सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के शिवपुर रेंज के मुजा टोला प्राइमरी स्कूल से रेस्क्यू अभियान में पकड़े गए तेंदुआ की इलाज के दौरान गोरखपुर चिड़ियाघर में मौत हो गई ।
इस घटना से वन महकमा में हड़कंप मच गया । गोरखपुर चिड़ियाघर में ही तेंदुआ का पोस्टमार्टम हुआ और शव को वहीं पर निस्तारित कर दिया गया ।
सेंक्चुरी के जंगल से एक घायल तेंदुआ शुक्रवार को ग्राम पंचायत सोहगीबरवा के मुजा टोला में पहुंच गया था । शोर मचने पर वह प्राइमरी स्कूल में घुस कर छिप गया । इस पर ग्रामीणों ने स्कूल का फाटक बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दी ।
डीएफओ पुष्प कुमार रेस्क्यू टीम के साथ पिंजरा लेकर मौके पर पहुंचे थे । तेंदुए को पिंजरा में फंसा कर पकड़ लिया गया । उसके गले पर गंभीर चोट का निशान देख इलाज के लिए गोरखपुर चिड़ियाघर भेजा गया । वहां इलाज के दौरान तेंदुए की मौत हो गई ।
डीएफओ पुष्प कुमार के . ने बताया कि मामले की जांच चल रही है । यह पता लगाया जा रहा है कि तेंदुए के गले पर जख्म कैसे लगा !
रेस्क्यू ऑपरेशन में सोहगीबरवा मुजा टोला से पकड़े गए तेंदुए के गले में गंभीर जख्म थे । ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जैसे वह शिकारियों के बिछाए स्नेयर वायर ( बाइक का क्लच वायर ) से बनाए गए जाल में फंस गया हो । जाल कसने से गला जख्मी हो गया हो । वन विभाग इस मुद्दे पर भी जांच कर रहा है । स्नेयर जाल से तेंदुआ के जख्मी होने की प्रबल आशंका इसलिए भी है क्योंकि कई तेंदुए इसमें फंस चुके हैं ।


0 Comments