देवदह संवाददाता पुरंदरपुर ।
कार व आरोपित ग्राहक पुलिस की कस्टडी में है , तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई : एसओ पुरंदरपुर
महराजगंज/ कोल्हुई : महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के राजमंदिर गांव निवासी शैलेश ने अपनी विटारा ब्रेजा कार को बेचने के लिए ओएलएक्स पर डाली थी । सिद्धार्थनगर के एक ग्राहक ने ओएलएक्स पर इसे देख खरीदने की पेशकश की । कार स्वामी को गाड़ी के साथ कोल्हुई तिराहा पर बुलाया ।
टेस्ट ड्राइव के लिए कार की चाभी मांगी । चालक चाभी उसे देकर नीचे उतरा । दूसरे साइड से बैठने के लिए जैसे ही फाटक खोलने पहुंचा वैसे ही ग्राहक कार स्टार्ट कर गाड़ी आगे बढ़ा दिया । इसके बाद कार चालक ने शोर मचाया । थोड़ी दूर मौजूद पुलिस कर्मियों को सूचना दी । पुलिस कर्मियों ने वायरलेस सेट से हाइवे के सभी थानों को अलर्ट कर दिया ।
पुरन्दरपुर पुलिस ने भी हाइवे पर बैरेकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू कर दी । थोड़ी ही देर में कोल्हुई से कार को लेकर फरार चालक पुरन्दरपुर पहुंच गया । पुलिस कर्मियों ने उसे कार समेत दबोच लिया । कार लेकर भागने के सवाल पर ग्राहक ने बताया कि वह टेस्ट ड्राइव कर रहा था । चोरी की नियति नहीं है ।
पर , इस सवाल का जवाब वह नहीं दे पाया कि गाड़ी के चालक को बिना बैठाए ही वह कार लेकर आगे क्यों बढ़ गया । इस मामले में कोल्हुई थाना के प्रभारी निरीक्षक दिलीप शुक्ला का कहना है कि कार व आरोपित ग्राहक पुलिस की कस्टडी में है । तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी ।


0 Comments