देवदह संवाददाता लखनऊ ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए. योगी सरकार ने सोमवार 5 जुलाई से यूपी में मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल, जिम और स्पोर्ट्स स्टेडियम खोलने की अनुमति दे दी है.
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति नियंत्रित होते देखते हुए सोमवार 5 जुलाई से यूपी में मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल, जिम और स्पोर्ट्स स्टेडियम खुलेंगे. इस दौरान संचालकों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराना होगा. सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिनेमा हॉल संचालकों की जरूरतों और समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने को कहा है. सीएम ने कहा कि कोविड का असर सिनेमाहाल संचालकों के व्यवसाय पर पड़ा है. जिनकी जरूरतों, समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए.
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी की स्थिति नियंत्रण में है. संक्रमण दर न्यूनतम है. हर दिन ढाई लाख से अधिक कोविड टेस्ट किए जा रहे हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर एक फीसदी से भी कम हो चुकी है. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में दो लाख 70 हजार 723 कोविड टेस्ट किए गए. इस दौरान संक्रमण के 133 नए मामले आए हैं, जबकि 228 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हुए हैं. प्रदेश में अब तक पांच करोड़ 83 लाख 82 हजार से अधिक टेस्ट हो चुके हैं. अब तक 16 लाख 81 हजार 208 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर डिस्चार्ज हो हुए हैं.
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयासों के क्रम में गांवों, छोटे कस्बों और महानगरीय क्षेत्रों "हेल्थ एटीएम" की स्थापना पर विचार किया जाए. इन अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से लोग बॉडी मास इंडेक्स, ब्लड प्रेशर, मेटाबॉलिक ऐज, बॉडी फैट, हाईड्रेशन, पल्स रेट, हाइट, मसल मास, शरीर का तापमान, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, वजन सहित कई पैरामीटर की जांच कर सकते हैं। इसके संचालन के लिए तकनीशियनों को प्रशिक्षित किया जाए. इस संबंध में जल्द से जल्द विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए.


0 Comments