मुकेश/अभय संवाददाता  ।

महराजगंज मंगलवार की सुबह कई स्कूली बच्चों की जान संकट में पड़ गई। स्कूल की वैन का ड्राइवर गाड़ी पर अपना नियंत्रण खो बैठा और बच्चों से भरी गाड़ी सड़क पर पलटकर हादसे का शिकार हो गई। 


यह हादसा महराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र का है, जहां एक निजी स्कूल का मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर जा पलटा। जिससे दर्जनों स्कूली बच्चे जख्मी हो गये। यह हादसा सुबह उस समय हुआ, जब गाड़ी बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बताया जा रहा है की वाहन चालक शराब के नशे में धुत था।


सड़क हादसे के बारे में विद्यालय प्रबंधन कुछ भी बोलने से साफ मना कर रहा है। वहीं छात्रों के परिजनों ने चालक पर शराब के नशे में धुत होकर वाहन चलाने का आरोप लगाया है। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन से चालक का मेडिकल कराने की भी मांग की है। लेकिन अभी तक विद्यालय प्रबंधन मेडिकल कराने से कतराता नजर आ रहा है। इस हादसे को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों मे भारी आक्रोश हैं।

जानकारी के अनुसार नारायण एकेडमी करमहिया निचलौल का स्कूली वाहन मंगलवार की सुबह बच्चोँ को स्कूल लेकर जा रहा था कि अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। नशे के अलावा इस हादसे की एक अन्य वजह भी मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि जो मैजिक वाहन बच्चों से भरी थी, वह चार सीटर सवारी के लिए मान्य हैं। लेकिन विद्यालय द्वारा पुराने डग्गामार वाहनों पर मानक से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा है। बच्चों के किराये के नाम पर मोटी रकम वसूल की जा रही है। स्थानीय लोग और अभिभावक शिक्षा विभाग सहित परिवहन विभाग से इस मामले को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।