आपको भी बैंक में कोई काम है तो इन 2 दिन नहीं हो पाएगा जानिए वजह ।




 

हेमन्त कुमार विशेष संवाददाता नई दिल्ली।

 अगर आपको भी बैंक में कोई बड़ा काम है तो अब दो दिन की तसल्ली कर लीजिए. 15 और 16 मार्च को पब्लिक सेक्टर के तमाम बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं. ये हड़ताल सरकार के उस फैसले के विरोध में बुलाई गई है, जिसके तहत दो पब्लिक सेक्टर बैंकों के निजीकरण करने की तैयारी है.

 इस हड़ताल से चीजें इसलिए और भी ज़्यादा प्रभावित हो सकती हैं क्योंकि इसके दो दिन पहले भी बैंक बंद ही रहे. 13-14 मार्च को शनिवार, रविवार की वजह से बैंक बंद रहे. और फिर दो दिन की ये हड़ताल. हड़ताल में कौन-कौन सी सेवाएं बंद रहेंगी? जवाब है- सभी तरह की निकासी, चेक क्लियरेंस, लोन अप्रूवल जैसे सेवाएं बंद रहेंगी. थोड़ी राहत की बात ये है कि ATM खुले रहेंगे.

 HDFC, ICICI, एक्सिस जैसे तमाम प्राइवेट सेक्टर बैंक्स सामान्य दिनों की तरह फंक्शनल रहेंगे. लेकिन यहां ये याद रखने वाली बात है कि भारत में बमुश्किल एक तिहाई लोगों के ही अकाउंट ऐसे प्राइवेट सेक्टर बैंक्स में हैं. बाकी सबके अकाउंट पब्लिक सेक्टर बैंक में ही हैं. इसलिए पब्लिक सेक्टर बैंकों की सेवाएं प्रभावित होने से लोगों पर ज़्यादा असर पड़ता है.

ये हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (UFBU) ने बुलाई है. ये 9 बैंक यूनियन्स की एक कॉमन संस्था है. दरअसल देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2021-22 में घोषणा की थी कि सरकार भविष्य में दो पब्लिक सेक्टर बैंक का निजीकरण करेगी. विनिवेश के जरिये सरकार ने 1.75 लाख करोड़ रुपये आय का लक्ष्य भी तय किया है. इससे पहले सरकार IDBI बैंक में अपना बड़ा हिस्सा बेच ही चुकी है. अब अन्य दो बैंकों के विनिवेश की बात आने के बाद बैंक कर्मचारी सशंकित हैं और इसी के बाद ये हड़ताल बुलाई गई है.

Post a Comment

0 Comments