देवदह ब्यूरो लखनऊ ।
खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (फेज-तीन) के तहत अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को मई में नि:शुल्क खाद्यान्न का वितरण 20 मई से 31 मई तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राशन कार्डों से संबद्ध यूनिटों पर मई व जून माह में पांच किलोग्राम प्रति यूनिट की मात्रा के अनुसार नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। इसमें तीन किलोग्राम गेहूं व दो किलोग्राम चावल होगा। राशनकार्ड धारकों को पोर्टेबिलिटी के तहत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा 29 मई से 31 मई के बीच दी जाएगी।
वन नेशन वन कार्ड योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों व प्रवासी मजदूरों को पोर्टेबिलिटी के तहत प्रदेश की किसी भी उचित दर दुकान से अपना खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा होगी। यह वितरण 31 मई तक ई-पॉस मशीनों के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण के बाद कराया जाएगा। आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त न कर सकने वाले उपभोक्ताओं के लिए मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के माध्यम से 31 मई को वितरण किया जाएगा। खाद्य आयुक्त ने बताया कि प्रदेश के अंत्योदय राशन कार्डधारकों से संबद्ध 1.30 करोड़ तथा पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों से संबद्ध 13.41 करोड़ लाभार्थियों को मिलाकर कुल 14.71 करोड़ लाभार्थियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (फेज-तीन) के तहत लाभ दिया जा रहा है।


0 Comments